Sunday, August 16, 2026
Home » Blog » बैंक मैनेजर की कार सड़क किनारे खड़ी हाइवा से टकराई, माता-पिता और ड्राइवर की मौत, पति-पत्नी, बेटा गंभीर रूप से घायल

बैंक मैनेजर की कार सड़क किनारे खड़ी हाइवा से टकराई, माता-पिता और ड्राइवर की मौत, पति-पत्नी, बेटा गंभीर रूप से घायल

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
cg prime news

CG Prime News@महासमुंद. महासमुंद जिले में नेशनल हाईवे 53 पर तेज़ रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी हाईवा ट्रक से जा भिड़ी। इस भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। यह हादसा शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात को कोडार बांध के पास हुआ। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एसबीआई बैंक के मैनेजर के माता-पिता समेत तीन लोगों की दुर्घटना में मौत हो गई है। बैंक मैनेजर, उनकी पत्नी और 6 साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।

माता-पिता और ड्राइवर की मौके पर मौत

इस हादसे में बैंक मैनेजर के पिता अवध किशोर पांडेय, माता चित्रलेखा पांडेय और ड्राइवर ईश्वर धु्रव की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार बैंक मैनेजर चंदन अभिषेक, उनकी पत्नी खुशबू कुमारी और बेटा धु्रव अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद रायपुर रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

रायपुर लौट रहा था परिवार

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कांकेर नरहरपुर के भारतीय स्टेट बैंक के मैनेजर चंदन अभिषेक अपने परिवार के साथ बोकारो (झारखंड) से रायपुर आ रहे थे। कार में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) नरहरपुर (कांकेर) के ब्रांच मैनेजर चंदन अभिषेक, उनके पिता अवध किशोर पांडेय (69), माता चित्रलेखा पांडेय (65), पत्नी खुशबू कुमारी और 6 वर्षीय बेटा धु्रव अभिषेक और ड्राइवर ईश्वर धु्रव (34) सवार थे।


रात करीब 1:30 बजे, जब वाहन कोडार बांध के पास पहुंचा, तब कार चला रहे ड्राइवर को झपकी आ गई। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खड़ी हाईवा से तेज रफ्तार में टकरा गई। टक्क्रर इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए।

हाईवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही महासमुंद पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को पोस्टमार्टम के लिए तुमगांव उप-स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पुलिस ने हाईवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाईवा ट्रक बिना इंडिकेटर और रिफ्लेक्टर के सड़क किनारे खड़ा था, जिससे हादसे की आशंका और भी बढ़ गई थी।

 

You may also like