रायपुर। कमिश्नरेट के अंतर्गत डीसीपी सेंट्रल जोन के निर्देशन में विजिबल पुलिसिंग को और प्रभावी बनाते हुए थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं अपराध की रोकथाम के उद्देश्य से अभियान स्तर पर सख्त कार्रवाई की गई। इस दौरान अवैध हथियार रखने वालों के साथ-साथ संभावित शांति भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध भी प्रभावी कदम उठाए गए।
आर्म्स एक्ट के तहत दो मामलों में कार्रवाई
अभियान के तहत गश्त के दौरान भोला पान ठेला के पास आकस्मिक चेकिंग के दौरान आजाद चौक निवासी आरोपी आयुष मिश्रा को चाकू के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई।
इसके अतिरिक्त, थाना सिटी कोतवाली के पुराने आर्म्स एक्ट प्रकरण में लंबे समय से फरार वीरभद्र नगर क्षेत्र के चाकूबाज आबिद अली को माननीय न्यायालय द्वारा जारी स्थायी वारंट की तामील करते हुए गिरफ्तार किया गया। इस गिरफ्तारी से फरार आरोपियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई का संदेश गया है।
प्रतिबंधात्मक धाराओं में 6 व्यक्तियों पर कार्रवाई
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से थाना सिटी कोतवाली रायपुर में धारा 170, 126, 135(3) BNSS के अंतर्गत उन व्यक्तियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, जिनसे सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका थी।
इनमें प्रमुख रूप से—
परमेश्वर चंदेल (22 वर्ष, निवासी सतनामी मोहल्ला, कापाबस्ती, रायपुर),
विक्की विश्वकर्मा (23 वर्ष, निवासी मड़वारानी रोड, सीतामढ़ी, जिला कोरबा),
अगस्त विभार (22 वर्ष, निवासी गांधी नगर, कालीबाड़ी, रायपुर) शामिल हैं।
शून्य सहनशीलता का स्पष्ट संदेश
इस समग्र अभियान के माध्यम से कोतवाली क्षेत्र में यह स्पष्ट संदेश दिया गया है कि अवैध हथियार, गुंडागर्दी और शांति भंग करने वाली गतिविधियों के प्रति रायपुर पुलिस की नीति शून्य सहनशीलता की है। आम नागरिकों की सुरक्षा एवं विश्वास बनाए रखने के लिए ऐसे सघन और निरंतर अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
