Home » Blog » दुर्ग में गैस और पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता: कलेक्टर

दुर्ग में गैस और पेट्रोल-डीजल की पर्याप्त उपलब्धता: कलेक्टर

घबराने की जरूरत नहीं, रोजाना हो रही 9750 गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग

by cgprimenews.com
0 comments
दुर्ग कलेक्ट्रेट में गैस और पेट्रोल-डीजल आपूर्ति की समीक्षा बैठक करते कलेक्टर अभिजीत सिंह

दुर्ग. जिले में घरेलू एलपीजी गैस तथा डीजल-पेट्रोल की उपलब्धता को लेकर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में इन सभी आवश्यक ईंधनों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और आपूर्ति व्यवस्था सामान्य रूप से जारी है। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में ऑयल कंपनियों के अधिकारियों, गैस एजेंसियों और डिस्ट्रीब्यूटरों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की।

प्रतिदिन 9750 सिलेंडरों की रिफिलिंग

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जिले में लगभग 4 लाख एलपीजी गैस कनेक्शन हैं, जिनमें उज्ज्वला योजना के कनेक्शन भी शामिल हैं। वर्तमान में प्रतिदिन करीब 9750 गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग की जा रही है। कलेक्टर ने निर्देश दिया कि गैस की दैनिक आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

कालाबाजारी पर सख्ती के निर्देश

कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गैस वितरण प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं ऑयल कंपनियों के अधिकारियों ने जानकारी दी कि कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर फिलहाल अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों जैसे अत्यावश्यक संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

पेट्रोल-डीजल की भी पर्याप्त उपलब्धता

बैठक में जिले में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और इसकी आपूर्ति भी सामान्य रूप से जारी है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि घबराने या अनावश्यक स्टॉक करने की जरूरत नहीं है।

उपभोक्ताओं से ई-केवाईसी कराने की अपील

जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से कहा है कि जिनका ई-केवाईसी नहीं हुआ है वे जल्द से जल्द अपनी गैस एजेंसी में जाकर प्रक्रिया पूरी कर लें। इसमें फेस स्कैन और अंगूठे का सत्यापन किया जाता है, जिसमें मात्र एक मिनट का समय लगता है। कलेक्टर ने बताया कि आपूर्ति से संबंधित किसी भी शिकायत या जानकारी के लिए उपभोक्ता टोल-फ्री नंबर 1800-233-3555 पर संपर्क कर सकते हैं।

You may also like