Home » Blog » रायगढ़ में अवैध कबाड़ पर कार्रवाई, 1.15 करोड़ की जब्ती

रायगढ़ में अवैध कबाड़ पर कार्रवाई, 1.15 करोड़ की जब्ती

एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पूंजीपथरा पुलिस की कार्रवाई, 134 टन स्क्रैप और 7 वाहन जब्त, कई आरोपियों पर केस दर्ज

by cgprimenews.com
0 comments
रायगढ़ में पुलिस द्वारा अवैध कबाड़ से भरे ट्रकों की जब्ती कार्रवाई

रायगढ़. जिले में चोरी और अवैध कबाड़ के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पूंजीपथरा थाना पुलिस ने एक ही दिन में 8 अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 6 ट्रक और 1 माजदा वाहन में लोड लगभग 134 टन स्क्रैप बरामद किया। इसके अलावा मिनी राइस मिल क्षेत्र से मैग्नीज मेटल और पाईलेट गोली लोहे का बड़ा जखीरा भी जब्त किया गया।

134 टन स्क्रैप और 7 वाहन जब्त

पुलिस ने तमनार चौक, पूंजीपथरा चौक, दावत ढाबा के सामने मुख्य मार्ग और महुआ चौक तुमीडीह क्षेत्र में घेराबंदी कर वाहनों की जांच की। जांच के दौरान ट्रकों और माजदा वाहन में लोहे के मशीनरी पार्ट्स, एंगल, छड़ और अन्य कबाड़ी सामान लोड पाया गया। वाहन चालकों से जब स्क्रैप के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इस पर पुलिस ने संदेह के आधार पर वाहनों सहित कबाड़ जब्त कर लिया। जब्त स्क्रैप की कीमत करीब 50 लाख 75 हजार रुपये और वाहनों की कीमत लगभग 65 लाख रुपये बताई गई है।

मिनी राइस मिल में छापा, मैग्नीज मेटल बरामद

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पूंजीपथरा स्थित मिनी राइस मिल में छापा मारकर वहां से मैग्नीज मेटल और पाईलेट गोली लोहे की बोरियां बरामद कीं। मौके पर मौजूद आरोपी प्रियंक देवांगन उर्फ मिनी से सामग्री के संबंध में पूछताछ की गई, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने 43 बोरी मैग्नीज मेटल और 57 बोरी पाईलेट गोली लोहे को जब्त कर आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।

कई राज्यों के चालक शामिल

कार्रवाई के दौरान पकड़े गए वाहनों के चालक ओडिशा, बिहार और छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार यह स्क्रैप स्थानीय औद्योगिक क्षेत्रों में खपाने की तैयारी में था।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत चोरी के कबाड़, अवैध स्क्रैप परिवहन और चोरी की संपत्ति की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। औद्योगिक क्षेत्रों में होने वाले ऐसे अपराधों पर पुलिस की कड़ी नजर है।

You may also like