जांजगीर। होली उत्सव के दौरान नाबालिग बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिलाने वाले आरोपी को जांजगीर-चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सोनू दरवेश (34 वर्ष), निवासी इंदिरा आवास वार्ड नंबर-4 भाटापारा सुकली, जांजगीर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब की बोतल और डिस्पोजल गिलास भी जब्त किया है।
डांस कार्यक्रम के दौरान हुई घटना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 3 मार्च 2026 को जिला अस्पताल से सूचना मिली कि ग्राम सुकली में होली उत्सव के दौरान कुछ नाबालिग बच्चों को शराब पिलाई गई है, जिसके कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्चों व उनके परिजनों से पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि 3 मार्च की रात करीब 7:30 बजे आरोपी सोनू दरवेश अपने घर के सामने साउंड बॉक्स लगाकर डांस कर रहा था। इसी दौरान तीन नाबालिग बच्चे भी वहां डांस करने पहुंचे। आरोप है कि आरोपी ने अपने घर से कोल्ड ड्रिंक की बोतल में शराब मिलाकर बच्चों को जबरन पिला दी। शराब के नशे के कारण बच्चों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें उल्टी होने लगी, जिसके बाद परिजन उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप और सीएसपी कोतवाली योगिता बालिका खापर्डे को अवगत कराया गया। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने गांव सुकली में दबिश देकर आरोपी सोनू दरवेश को उसके घर के पास से पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी पहले पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने नाबालिग बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर पिलाने की बात स्वीकार कर ली।
शराब की बोतल और गिलास जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शराब की बोतल और डिस्पोजल गिलास जब्त कर लिए हैं। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक आलोक शर्मा और आरक्षक दिलीप सिंह का विशेष योगदान रहा।
