Tuesday, February 17, 2026
Home » Blog » तंजानिया गोल्ड माइन के नाम पर ₹1.90 करोड़ ठगी, आरोपी गिरफ्तार

तंजानिया गोल्ड माइन के नाम पर ₹1.90 करोड़ ठगी, आरोपी गिरफ्तार

वियतनाम भागने की फिराक में मुंबई एयरपोर्ट से पकड़ा गया, सिविल लाइन थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज

by cgprimenews.com
0 comments
तंजानिया में सोने की खदान के नाम पर 1.90 करोड़ की ठगी का आरोपी यश राजेश शाह गिरफ्तार

रायपुर। तंजानिया में सोने की खदान में निवेश के नाम पर 1 करोड़ 90 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी यश राजेश शाह (28) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी वियतनाम भागने की कोशिश में मुंबई एयरपोर्ट पहुंचा था, जहां उसके खिलाफ जारी लुक आउट सर्कुलर (LOC) के आधार पर उसे ट्रेस किया गया।

खदान दिखाकर किया फर्जी अनुबंध

प्रार्थी समर्थ बरडिया ने 21 जनवरी 2026 को थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी यश शाह ने स्वयं को तंजानिया में सोने की खदान का मालिक बताते हुए उन्हें और उनके साथी मुकुल चोपड़ा को साझेदारी में निवेश का प्रस्ताव दिया। आरोपी ने कथित खदान दिखाकर भागीदारी अनुबंध तैयार किया और खनन से लाभ दिलाने का झांसा देकर कुल ₹1,90,00,000 प्राप्त कर लिए।

जांच में सामने आया कि आरोपी के पास तंजानिया गणराज्य में किसी भी प्रकार का वैध खनन अधिकार नहीं था और अनुबंध में उल्लेखित खदानों के संचालन का भी कोई अधिकार नहीं था।

लुक आउट सर्कुलर से हुआ ट्रेस

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आरोपी के विरुद्ध लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी देश छोड़कर वियतनाम जाने की तैयारी में था। मुंबई एयरपोर्ट पर दस्तावेज जांच के दौरान LOC सक्रिय होने से आरोपी को रोका गया और पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने सुनियोजित षड्यंत्र के तहत धोखाधड़ी करना स्वीकार किया।

आईफोन और पासपोर्ट जप्त

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक आईफोन और पासपोर्ट जप्त किया है। आरोपी के विरुद्ध थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 34/2026 के तहत धारा 420, 423, 467, 468, 120बी भादवि के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

You may also like