रायगढ़. जिले में महिला की आत्महत्या के मामले में Tamnar Police Station पुलिस ने संवेदनशील कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि गांव का एक युवक महिला को ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर ब्लैकमेल कर रहा था। लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
6 फरवरी को हुई थी घटना
जानकारी के अनुसार ग्राम सेमीजोर की 26 वर्षीय महिला ने 6 फरवरी की दोपहर अपने घर के रसोई कमरे में गमछे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिजनों द्वारा महिला को तुरंत Fortis Hospital Urjanagar ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
सुसाइड नोट और ऑडियो रिकॉर्डिंग बने सबूत
मर्ग जांच के दौरान मृतिका के परिजनों ने पुलिस को महिला द्वारा लिखा गया सुसाइड नोट और मोबाइल में सुरक्षित ऑडियो रिकॉर्डिंग सौंपा। जांच में पता चला कि गांव का महेन्द्र गुप्ता महिला और एक युवक के बीच हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग अपने पास रखकर उसे ब्लैकमेल कर रहा था और गलत काम करने का दबाव बना रहा था।
आरोपी गिरफ्तार, मोबाइल जब्त
मामले में महिला को आत्महत्या के लिए उकसाने के साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी महेन्द्र गुप्ता (31) निवासी ग्राम सेमीजोर को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ धारा 108 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Shashi Mohan Singh ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ किसी भी प्रकार का मानसिक उत्पीड़न या अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा त्वरित और कड़ी कार्रवाई की जाएगी और महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
