Home » Blog » ओटीपी मैसेज से ₹3.74 लाख की ठगी, कोलकाता से आरोपी गिरफ्तार

ओटीपी मैसेज से ₹3.74 लाख की ठगी, कोलकाता से आरोपी गिरफ्तार

सिटी कोतवाली व साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, बंधन बैंक खाते में जमा होती थी फ्रॉड की रकम

by cgprimenews.com
0 comments
साइबर ठगी मामले में गिरफ्तार आरोपी को पुलिस टीम द्वारा हिरासत में लेते हुए।

बलौदाबाजार। ओटीपी मैसेज के जरिए ₹3,74,000 की साइबर ठगी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने कोलकाता, पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। कार्रवाई थाना सिटी कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने की।

फर्जी ओटीपी मैसेज से बैंक खाते से निकली रकम

प्रार्थी महेंद्र कुमार त्रिपाठी, निवासी संजय कॉलोनी बलौदाबाजार ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 12 दिसंबर 2025 को उनके मोबाइल पर संदिग्ध मैसेज आया, जिसे उन्होंने डिलीट कर दिया। 14 दिसंबर 2025 को पुनः “वन टाइम पासवर्ड” संबंधी मैसेज प्राप्त हुआ, जिसमें “टीम जिओ फाइनेंस” का उल्लेख था। इसके बाद उनके भारतीय स्टेट बैंक, गार्डन चौक बलौदाबाजार स्थित खाते से चार किश्तों में कुल ₹3,74,000 निकल गए।

मामले में अपराध क्रमांक 101/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

तकनीकी विश्लेषण से कोलकाता तक पहुंची पुलिस

पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में साइबर सेल और सिटी कोतवाली टीम ने मोबाइल नंबर, बैंक ट्रांजेक्शन और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के आधार पर आरोपी शौविक राजवंशी (22 वर्ष), निवासी सोदपुर, उत्तर 24 परगना, कोलकाता को हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने साथियों के साथ मिलकर ओटीपी मैसेज भेजकर ठगी करना स्वीकार किया। उसने बताया कि ठगी की रकम उसके बंधन बैंक खाते में जमा होती थी और बदले में उसे कमीशन मिलता था।

आगे की कार्रवाई जारी

आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है। अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान ओटीपी या लिंक पर भरोसा न करें और तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर सूचना दें।

You may also like