Wednesday, October 21, 2026
Home » Blog » डुंडेरा उप स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक की मांग, कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचे ग्रामीण

डुंडेरा उप स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक की मांग, कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचे ग्रामीण

जनदर्शन में अलग-अलग समस्याओं और मांग के 42 आवेदन मिले

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
डुंडेरा उप स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक की मांग, कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचे ग्रामीण

CG Prime News@दुर्ग. दुर्ग जिले के ग्राम डुंडेरा के निवासियों ने उप स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक की नियुक्ति की मांग को लेकर कलेक्टर जनदर्शन में गुहार लगाई। वहीं तीन माह से बंद सुलभ शौचालय को लेकर भी वार्डवासियों ने मोर्चा खोल दिया। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशानुसार अनुविभागीय अधिकारी प्रफुल्ल गुप्ता ने जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचे जनसामान्य लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी।

जनदर्शन में मिले 42 आवेदन

जनदर्शन में अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास, भूमि सीमांकन कराने, सीसी रोड निर्माण, ऋण पुस्तिका सुधार, आर्थिक सहायता राशि दिलाने सहित विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आज 42 आवेदन प्राप्त हुए। ग्राम डुंडेरावासी ने विकासखंड निकुम के ग्राम डुंडेरा स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र में सीएचओ अथवा चिकित्सक की नियुक्ति कर नियमित संचालन सुनिश्चित कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि ग्रामीण एवं वार्डवासी प्राथमिक उपचार स्वास्थ्य परामर्श और आवश्यक दवाईयों के लिए उप स्वास्थ्य केन्द्र पर निर्भर है।

एसडीएम ने सीएमओ को आवश्यक कार्रवाई करने कहा

वर्तमान में पदस्थ नर्स एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी विभिन्न शासकीय कार्यो में लगाए जाने के कारण कई बार उप स्वास्थ्य केन्द्र बंद रहता है। इससे मरीजों बुजुर्गों महिलाओं एवं बच्चों को समय पर उपचार नहीं मिल पाता है। इस पर एसडीएम ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को उचित कार्यवाही करने को कहा।


सुलभ शौचालय के संधारण की मांग की

वार्ड क्रमांक 33 संतोषी पारा, हुड़को क्वार्टर के पास स्थित सार्वजनिक सुलभ शौचालय का संधारण कार्य तीन माह से बंद होने के कारण वार्डवासियों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और राहगीरों को शौचालय की सुविधा नहीं मिल पा रही है। नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा संधारण कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। उसके बाद भी अब तक कार्य शुरू नहीं हुआ है।

शौचालय कार्य शुरू करने कहा

जनहित को ध्यान में रखते हुए शौचालय का कार्य जल्द शुरू कराने तथा साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग की। इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 33 संतोषी पारा, कैम्प-2 के विभिन्न स्थानों, विवेकानंद नगर, मजार लाइन, हुडको क्वार्टर सहित 11 स्थानों पर खराब स्ट्रीट लाइटों के संधारण और आवश्यकता अनुसार नई लाइट लगाने की मांग की। इस पर एसडीएम ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।

You may also like