Thursday, August 20, 2026
Home » Blog » बॉलीवुड स्टार गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने वापस लिया तलाक केस

बॉलीवुड स्टार गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने वापस लिया तलाक केस

दो साल से चल रहे वैवाहिक विवाद के बीच सुनीता आहूजा ने तलाक की याचिका वापस ली, गोविंदा के मैनेजर शशि रंजन ने कहा- अब सब ठीक है

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
बॉलीवुड स्टार गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने वापस लिया तलाक केस

CG Prime News@मुंबई. बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के रिश्ते को लेकर चल रही तलाक की अटकलों के बीच अब नया मोड़ सामने आया है। सुनीता आहूजा ने गोविंदा के खिलाफ फैमिली कोर्ट में दायर तलाक की अर्जी वापस ले ली है। बुधवार को उन्हें मुंबई के फैमिली कोर्ट में बेटे यशवर्धन आहूजा के साथ देखा गया। गोविंदा के मैनेजर शशि रंजन ने भी इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि अब दोनों के बीच सब ठीक है और हालात सामान्य होने की उम्मीद है।

बेटे यशवर्धन ने कैमरों से बचाया

कोर्ट से बाहर निकलते समय पैपराजी ने सुनीता और यशवर्धन से पूछा कि कोर्ट में क्या हुआ। इस पर यशवर्धन ने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा कि कुछ नहीं हुआ और जाने देने की बात कही। इसके बाद वह अपनी मां को कैमरों से बचाते हुए कार तक लेकर गए। कार में बैठने से पहले सुनीता ने भी पैपराजी से कहा कि वे बर्थडे मनाने गए थे और इसके बाद वह कार में बैठकर वहां से रवाना हो गईं।

दिसंबर 2024 में दाखिल हुई थी याचिका

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुनीता आहूजा ने दिसंबर 2024 में बांद्रा फैमिली कोर्ट में गोविंदा से तलाक के लिए अर्जी दाखिल की थी। बाद में इस मामले की जानकारी सार्वजनिक हुई। याचिका में वैवाहिक रिश्ते से जुड़े कई गंभीर आरोपों का उल्लेख किए जाने की बात सामने आई थी। पिछले करीब दो वर्षों से दोनों के रिश्ते को लेकर लगातार चर्चाएं होती रही हैं।


बॉलीवुड स्टार गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने वापस लिया तलाक केस

बॉलीवुड स्टार गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा ने वापस लिया तलाक केस

कोमल रानी को लेकर भी हुआ था विवाद

हाल के दिनों में गोविंदा अपनी आगामी कमबैक फिल्म की को-एक्ट्रेस कोमल रानी स्वर्णकार के साथ नजर आए थे। इसके बाद सुनीता के बयानों को लेकर भी काफी चर्चा हुई। उन्होंने अभिनेत्री के पहनावे और गोविंदा के साथ उनकी नजदीकी को लेकर टिप्पणी की थी। सुनीता के इन बयानों पर गोविंदा ने नाराजगी जताते हुए उन्हें अपनी फिल्म और काम से जुड़े मामलों में हस्तक्षेप नहीं करने की बात कही थी।

मैनेजर ने कहा- अब सब सामान्य होने की उम्मीद

गोविंदा के मैनेजर शशि रंजन के मुताबिक, पिछले दो साल का दौर दोनों के लिए आसान नहीं रहा। हालांकि, तलाक की अर्जी वापस लिए जाने के बाद अब रिश्ते में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। सुनीता के कोर्ट से याचिका वापस लेने के बाद गोविंदा और उनके परिवार को लेकर चल रही तलाक की चर्चाओं पर फिलहाल विराम लगता नजर आ रहा है।

You may also like