Wednesday, August 19, 2026
Home » Blog » कोलकाता के पांच मंजिला होटल वाली बिल्डिंग में भीषण आग, 9 की मौत

कोलकाता के पांच मंजिला होटल वाली बिल्डिंग में भीषण आग, 9 की मौत

र्जा गालिब स्ट्रीट की इमारत में रात 1:45 बजे लगी आग; 80 लोगों को सुरक्षित निकाला गया, 6 घायल अस्पताल में भर्ती

by Dakshi Sahu Rao
0 comments
कोलकाता के पांच मंजिला होटल वाली बिल्डिंग में भीषण आग, 9 की मौत

CG Prime News@कोलकाता. पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में मंगलवार देर रात एक पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं और 4 साल का एक बच्चा भी शामिल है। हादसे के समय इमारत के भीतर कई होटल संचालित हो रहे थे और ज्यादातर लोग सो रहे थे। धुएं से दम घुटने के कारण कई लोग बेहोश मिले। घटना में 6 लोग घायल हुए हैं, जबकि राहत और बचाव अभियान के दौरान करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

कोलकाता के पांच मंजिला होटल वाली बिल्डिंग में भीषण आग, 9 की मौत

कोलकाता के पांच मंजिला होटल वाली बिल्डिंग में भीषण आग, 9 की मौत

मिर्जा गालिब स्ट्रीट की बिल्डिंग में आधी रात के बाद लगी आग

जानकारी के मुताबिक, आग मंगलवार रात करीब 1:45 बजे मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित पांच मंजिला इमारत में लगी। आग लगते ही बिल्डिंग में तेजी से धुआं भर गया। होटल के कमरों में सो रहे लोगों को संभलने का मौका कम मिला। कई लोग धुएं की चपेट में आकर बेहोश हो गए।


सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां, पुलिस और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीमें मौके पर पहुंचीं। घना धुआं होने के कारण दमकलकर्मियों को ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई। आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इमारत के गर्म होने के कारण कूलिंग ऑपरेशन जारी है।

भारतीय और बांग्लादेशी नागरिकों की मौत

पुलिस के अनुसार, मृतकों में भारतीय और बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं। सभी की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने आशंका जताई है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, फॉरेंसिक जांच से होगी पुष्टि

पश्चिम बंगाल के फायर डिपार्टमेंट मंत्री कौशिक चौधरी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई, हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि अंतिम कारण फॉरेंसिक जांच के बाद ही सामने आएगा।

मंत्री ने इमारत के भीतर की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए। उनके मुताबिक, बिल्डिंग में कई होटल संचालित हो रहे थे और बुनियादी सुरक्षा तथा निर्माण नियमों के पालन को लेकर गंभीर कमियां सामने आई हैं। होटल संचालन में भी अनियमितताओं की शिकायतों की जांच की जा रही है।

बिल्डिंग मालिक की तलाश, केस दर्ज करने की तैयारी

पुलिस के मुताबिक, इमारत का मालिक घटना के बाद से फरार है। न्यू मार्केट थाने में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस मालिक के घर सहित संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है। जांच में आग की वजह, सुरक्षा इंतजाम और नियमों के उल्लंघन समेत अन्य पहलुओं को शामिल किया गया है।

दो दिन पहले बीरभूम में भी होटल में लगी थी आग

इससे दो दिन पहले 17 अगस्त को बीरभूम जिले में तारापीठ मंदिर के पास एक होटल में आग लगने से 9 लोगों की मौत हुई थी और 9 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। उस घटना में भी शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई थी। लगातार सामने आ रही होटल अग्निकांड की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

You may also like