CG Prime News@दिल्ली. Air India flight from Phuket to Delhi hits turbulence थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट टर्बुलेंस में फंस गई। हालांकि, पायलट ने स्थिति संभाली और फ्लाइट को दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतार लिया। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, हादसे में यात्री और क्रू मेंबर्स समेत 12 लोग घायल हुए हैं। इनमें से कुछ को दिल्ली एयरपोर्ट के मेडिकल सेंटर और 7 घायलों को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट टर्बुलेंस में फंसी, कई यात्री घायल
सौ से ज्यादा यात्री थे सवार
एअर इंडिया ने पहले बताया था कि सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं। किसी के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है। थाईलैंड के फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया फ्लाइट एआई 2379 मंगलवार को टर्बुलेंस, यानी तेज हवा के झटकों में फंस गई। अचानक कई फीट तक नीचे आ गई। यात्रियों के मुताबिक फ्लाइट में 100 से ज्यादा लोग सवार थे। घटना की जांच की जा रही है। फ्लाइट की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें उसकी सीलिंग के पैनल में दरारें दिखीं।

यात्री का दावा डेढ़ घंटे बाद ही लगने लगे तेज झटके
फ्लाइट में सवार एक यात्री ने दावा किया कि उड़ान भरने के करीब डेढ़ घंटे बाद तेज झटके लगने लगे। सुबह का समय था और ज्यादातर यात्री सो रहे थे। अचानक विमान जोर से हिलने लगा और 2-3 मिनट तक पलटी खाता रहा। यात्री के मुताबिक, 15-20 लोगों को ज्यादा चोटें आई हैं, जबकि 70 से 80 प्रतिशत लोगों को मामूली चोट लगी हैं।
क्या होता है टर्बुलेंस
टर्बुलेंस (Turbulence) का मतलब अशांति, उथल-पुथल या हवा का अनियमित बहाव है। इसका सबसे आम इस्तेमाल हवाई यात्रा के दौरान होता है, जब आसमान में अचानक तेज या असमान हवा के दबाव के कारण विमान हिलने लगता है और यात्रियों को झटके महसूस होते हैं। इस दौरान विमान कुछ समय के लिए ऊपर-नीचे या दाएं-बाएं हिल सकता है और कभी-कभी कुछ फीट नीचे भी आ जाता है। इसी वजह से यात्रियों को लगता है कि विमान गिर रहा है। हालांकि, ज्यादातर मामलों में ऐसा नहीं होता।

