Wednesday, July 29, 2026
Home » Blog » Durg: सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों की ठगी, आरोपी गिरफ्तार 

Durg: सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों की ठगी, आरोपी गिरफ्तार 

नौकरी दिलाने का झांसा देकर नगद और ऑनलाइन माध्यम से वसूले थे 3,19,050, शिकायत के बाद जामुल पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई

by Dakshi Sahu Rao
0 comments

CG Prime News@दुर्ग. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को जामुल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने एक परिवार के लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने का झूठा भरोसा देकर अलग-अलग किश्तों में 3,19,050 की राशि नगद और ऑनलाइन माध्यम से वसूल ली। नौकरी नहीं मिलने और रकम वापस नहीं करने पर पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

शिकायत दर्ज कराई

पुलिस के अनुसार, अटल आवास जामुल निवासी लोमेश वासनिक (54 वर्ष) ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय दुर्ग में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि उनके घर के पास रहने वाले मनोज केशरवानी ने उनके बच्चों को सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। आरोपी ने 17 अगस्त 2025 से 20 अप्रैल 2026 के बीच कई किश्तों में नगद और ऑनलाइन माध्यम से कुल 3,19,050 प्राप्त किए।

जब लंबे समय तक नौकरी नहीं मिली और रकम वापस मांगी गई तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा तथा अपने निवास से भी गायब रहने लगा।


धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर आरोपी गिरफ्तार

शिकायत के आधार पर थाना जामुल में अपराध क्रमांक 537/2026 के तहत धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी की पहचान कर घेराबंदी की और 28 जुलाई 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में साक्ष्य जुटाने और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

इस तरह करता था ठगी

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सरकारी नौकरी दिलाने का विश्वास दिलाकर लोगों से रकम लेता था। राशि प्राप्त करने के बाद न तो नौकरी उपलब्ध कराई जाती थी और न ही पैसे लौटाए जाते थे। इस मामले में भी आरोपी ने आर्थिक लाभ कमाने की नीयत से पीड़ित परिवार को अपना शिकार बनाया।

दुर्ग पुलिस की आम जनता से अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को धनराशि न दें। सरकारी नौकरियां केवल निर्धारित और वैधानिक चयन प्रक्रिया के माध्यम से ही मिलती हैं। यदि कोई व्यक्ति नौकरी दिलाने के बदले पैसे मांगता है तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस या निकटतम थाने में दें, ताकि समय रहते कानूनी कार्रवाई की जा सके।

You may also like