CG Prime News@रायपुर. Rape case registered against Naib Tehsildar in raipur Chhattisgarh छत्तीसगढ़ में एक नायब तहसीलदार के खिलाफ रायपुर पुलिस ने रेप का केस दर्ज किया है। पीडि़त युवती ने नायब तहसीलदार दिवाकर भास्कर पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। जिसके बाद गंज थाना पुलिस ने सूरजपुर में पदस्थ नायब तहसीलदार के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है। अफसर और युवती की पहचान सोशल मीडिया के जरिए हुई थी।
मेडिकल लीव पर गया अधिकारी
अरोपी दिवाकर भास्कर वर्तमान में सूरजपुर जिले के लटौरी क्षेत्र में नायब तहसीलदार के पद पर पदस्थ है। बताया जा रहा है कि मामला दर्ज होने के बाद से वह पुलिस की पहुंच से बाहर है। उसने 6 जून से मेडिकल लीव ले रखी है।
तब से वह कार्यालय में भी उपस्थित नहीं हुआ है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश शुरू कर दी है। निवास समेत अन्य स्थानों पर भी टीम भेजी गई है। हालांकि देर शाम तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।
होटल में बनाया संबंध
पीडि़ता ने अपनी शिकायत में बताया कि सोशल मीडिया में बातचीत के बाद अधिकारी ने शादी का भरोसा देकर होटल में संबंध बनाया। जब भी शादी की बात करती हूं तो अधिकारी टालमटोल करता है। फिलहाल पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर आरोपी अफसर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
होटल रिकॉर्ड, कॉल डिटेल और चैटिंग की होगी जांच
पुलिस अब मामले से जुड़े सभी तकनीकी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को खंगाल रही है। जांच के दौरान होटल में ठहरने से जुड़े दस्तावेज, मोबाइल कॉल डिटेल, सोशल मीडिया चैट और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच की जाएगी। पुलिस अफसरों के मुताबिक युवती के बयान और मिले शुरुआती सबूतों के आधार पर बीएनएस की धारा 69 के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जाएगी और जांच में सामने आने वाली बातों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

