Monday, May 11, 2026
Home » Blog » Bhilai: खुर्सीपार में दुर्ग पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन, 7 संदिग्ध बाइक जब्त

Bhilai: खुर्सीपार में दुर्ग पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन, 7 संदिग्ध बाइक जब्त

100 से अधिक पुलिस बल ने 500 मकानों और 200 ट्रक-ट्रेलरों की जांच की, 3 संदिग्धों से पूछताछ जारी

by Dakshi Sahu Rao
0 comments

CG Prime News@दुर्ग. Khursipar bhilai durg police checking operation 2026 दुर्ग पुलिस ने कानून व्यवस्था मजबूत करने और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के उद्देश्य से सोमवार तड़के सुबह थाना खुर्सीपार क्षेत्र में विशेष सघन चेकिंग और कांबिंग गश्त अभियान चलाया। यह अभियान सुबह 4 बजे से 9 बजे तक संचालित किया गया। जिसमें ASP के नेतृत्व में 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे।

कई इलाकों में एक साथ हुई कार्रवाई

पुलिस द्वारा डॉ. राजेंद्र प्रसाद नगर, शिवाजी नगर, अटल आवास देवार बस्ती, मछली मार्केट और ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में एक साथ सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान करीब 500 मकानों की जांच की गई। ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में लगभग 200 ट्रेलर और ट्रक वाहनों का सत्यापन किया गया।

पुलिस टीम ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों की डिक्की चेकिंग के साथ ड्राइवरों और क्लीनरों के लाइसेंस, वाहन दस्तावेज और पहचान पत्रों की जांच भी की। अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध गतिविधियों, मादक पदार्थों के परिवहन और संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखना था।

दुर्ग पुलिस ने खुर्सीपार क्षेत्र में विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाकर 7 संदिग्ध बाइक जब्त कीं।

दुर्ग पुलिस ने खुर्सीपार क्षेत्र में विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाकर 7 संदिग्ध बाइक जब्त कीं।

7 संदिग्ध वाहन जब्त, 3 लोगों से पूछताछ

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 7 संदिग्ध बाइक को जब्त किया। वहीं थाना क्षेत्र के 3 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूछताछ के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

अभियान में थाना खुर्सीपार, भिलाई-3, जामुल, यातायात पुलिस और रक्षित केंद्र दुर्ग के संयुक्त बल ने हिस्सा लिया। अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनी रहे।

नागरिकों से सहयोग की अपील

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 या नजदीकी थाना को दें। पुलिस का कहना है कि जनसहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

You may also like