दुर्ग | जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बोरी पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी करते एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 5.620 किलोग्राम गांजा, नगदी और मोटरसाइकिल जब्त की है।
घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से गांजा बेचने के लिए नवागांव से डोमा की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने डोमा मार्ग स्थित डबरी तालाब के पास घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की। इस दौरान आरोपी को मौके पर पकड़ लिया गया।
गांजा, बाइक और नगदी जब्त
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ऋषि कुमार सेन (32 वर्ष), निवासी नवागांव थाना बोरी के रूप में हुई है। उसके पास से एक थैले में रखा 5.620 किलोग्राम गांजा (कीमत करीब ₹2.80 लाख), ₹3,360 नगद और एक मोटरसाइकिल (CG 07 VN 3586) बरामद की गई। कुल जब्ती की कीमत लगभग ₹3.80 लाख आंकी गई है।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 31/2026 के तहत धारा 20(b) NDPS एक्ट में मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी है।
अवैध लाभ के लिए कर रहा था तस्करी
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध रूप से गांजा बेचकर आर्थिक लाभ कमाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस मामले से जुड़े अन्य संभावित लिंक की भी जांच कर रही है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में सउनि तानसिंह सोनवानी, प्रधान आरक्षक योगेश पचौरी, आरक्षक ऋषि बंछोर और आरक्षक चंद्रशेखर यादव की अहम भूमिका रही।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशीले पदार्थों की तस्करी या अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग मिल सके।
