Home » Blog » रायगढ़ में मोबाइल दुकान से 13 लाख की चोरी

रायगढ़ में मोबाइल दुकान से 13 लाख की चोरी

गोपी टॉकीज के सामने स्थित सेल स्पॉट मोबाइल शॉप से 16 आईफोन और 30 हजार नकद पार, CCTV में दिखा संदिग्ध

by cgprimenews.com
0 comments
रायगढ़ में मोबाइल दुकान से 16 आईफोन और नकदी चोरी

रायगढ़. शहर में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। Gopi Talkies के सामने स्थित सेल स्पॉट मोबाइल दुकान में अज्ञात चोर ने रात के समय ताला तोड़कर लाखों रुपये के मोबाइल और नकदी पार कर दी। घटना की सूचना मिलते ही Chhattisgarh Police की टीम और एफएसएल मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

16 आईफोन और नकदी ले उड़ा चोर

दुकान संचालक मोहम्मद फारुक, निवासी लक्ष्मीपुर रायगढ़ ने पुलिस को बताया कि वे 9 मार्च की रात करीब 9:30 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे जब वे दुकान पहुंचे और शटर खोलकर अंदर गए तो शोकेस काउंटर में रखे मोबाइल फोन अस्त-व्यस्त पड़े मिले। जांच करने पर पता चला कि शोकेस में रखे 16 आईफोन मोबाइल और काउंटर की दराज में रखे 30 हजार रुपये नकद गायब हैं। चोरी गए सामान और नकदी की कुल कीमत लगभग 13 लाख 39 हजार रुपये बताई गई है।

दूसरी मंजिल का लॉक तोड़कर अंदर घुसा आरोपी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर दुकान की दूसरी मंजिल के दरवाजे का लॉक तोड़कर अंदर घुसा और फिर ग्राउंड फ्लोर स्थित दुकान से मोबाइल और नकदी चोरी कर फरार हो गया। मामले में थाना सिटी कोतवाली रायगढ़ में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 111/2026 के तहत धारा 305 और 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

CCTV फुटेज से आरोपी की तलाश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Shashi Mohan Singh के निर्देश पर पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति की तस्वीर सामने आई है, जिसे जिले के सभी थाना-चौकी और आसपास के जिलों में साझा किया गया है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को संदिग्ध के संबंध में जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखने का आश्वासन दिया गया है।

You may also like