भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई क्षेत्र में लोन ऐप के जरिए ठगी और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। जेवरा चौकी क्षेत्र के कुटेलाभाटा स्थित सिंगापुर सिटी फेज-4 निवासी एक शिक्षिका ने अज्ञात मोबाइल नंबरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आईटी एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।
4 हजार का लोन, धमकी भरे मैसेज की शुरुआत
पीड़िता ने 13 फरवरी 2026 को अपने मोबाइल में “LoanMitra” ऐप डाउनलोड कर 4 हजार रुपये का लोन लिया था। यह राशि 19 फरवरी को चुकानी थी, लेकिन 18 फरवरी की सुबह करीब 7:30 बजे व्हाट्सएप पर अज्ञात नंबर से धमकी भरा संदेश आया। मैसेज में कहा गया कि रकम तुरंत नहीं चुकाने पर उसकी “गंदी फोटो” मोबाइल के सभी कॉन्टैक्ट्स को भेज दी जाएगी। डरी-सहमी पीड़िता ने तुरंत 4 हजार रुपये ऑनलाइन लौटा दिए, लेकिन आरोपियों ने एक घंटे बाद फिर 10 हजार रुपये की मांग कर दी।
एडिट फोटो भेजकर बनाया दबाव
आरोपियों ने पीड़िता की फोटो को एडिट कर अश्लील बनाकर वायरल करने की धमकी दी। इतना ही नहीं, कथित तौर पर संपादित फोटो उसके ही व्हाट्सएप पर भेजकर मानसिक दबाव बनाया गया। नंबर ब्लॉक करने पर आरोपियों ने उसके पति के मोबाइल पर भी अश्लील फोटो और वॉइस मैसेज भेजे। दूसरे नंबर से दोबारा धमकी दी गई कि पैसे नहीं देने पर सभी परिचितों को फोटो भेज दी जाएगी।
आईटी एक्ट में अपराध दर्ज
लगातार धमकियों से परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जेवरा चौकी पुलिस ने आईटी एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर साइबर टीम की मदद से जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनजान लोन ऐप डाउनलोड न करें और किसी भी प्रकार की साइबर धमकी या ब्लैकमेलिंग की स्थिति में तुरंत साइबर सेल या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
