Tuesday, September 22, 2026
Home » Blog » गंज से दोपहिया चोरी करने वाला आरोपी विनय देवदास गिरफ्तार

गंज से दोपहिया चोरी करने वाला आरोपी विनय देवदास गिरफ्तार

सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना पर एंटी क्राइम यूनिट की कार्रवाई, चोरी की बाइक बरामद

by cgprimenews.com
0 comments
गंज क्षेत्र से चोरी की गई टीवीएस राइडर बाइक के साथ गिरफ्तार आरोपी।

रायपुर। गंज क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। संयुक्त कार्रवाई में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना गंज पुलिस ने आरोपी को पकड़कर उसके कब्जे से चोरी की गई टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल बरामद की है।

झूलेलाल चौक से हुई थी चोरी

प्रार्थी अश्वनी तिवारी, निवासी महादेवघाट रायपुरा डी.डी. नगर रायपुर, ने थाना गंज में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 फरवरी 2026 को वह अपनी मोटरसाइकिल (टीवीएस राइडर क्रमांक CG 04 NW 1826) से नहरपारा स्थित झूलेलाल चौक, ओम इंटरप्राइजेस गया था। रात करीब 8:30 बजे बाहर आने पर उसकी बाइक गायब मिली। अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 57/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

सीसीटीवी खंगालकर आरोपी की पहचान

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर तंत्र सक्रिय कर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान आरोपी विनय देवदास को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने वाहन चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।


50 हजार की बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल, जिसकी कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई गई है, जब्त कर ली है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी विनय देवदास (22 वर्ष), पिता रोशन देवदास, निवासी शिव नगर मठपुरैना, थाना टिकरापारा, जिला रायपुर का रहने वाला है।

पुलिस की अपील

रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन पार्क करते समय सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें तथा संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

You may also like