बलौदाबाजार। होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से थाना सिटी कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा की। बैठक में नागरिकों से भाईचारे और सामाजिक समरसता के साथ होली मनाने की अपील की गई तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद से बचने की सलाह दी गई।
होलिका दहन और सुरक्षा नियमों पर विशेष निर्देश
बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिजली के तारों के नीचे होलिका दहन नहीं किया जाए और हरे-भरे पेड़ों को होलिका में न जलाया जाए। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर मुखौटा पहनकर घूमने से बचने की भी अपील की गई, ताकि सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित न हो।
नशे में ड्राइविंग और तेज साउंड सिस्टम पर रोक
पुलिस ने चेतावनी दी कि शराब या नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान समय में स्कूली परीक्षाएं चल रही हैं, इसलिए तेज लाउडस्पीकर या डीजे बजाने से भी परहेज करने को कहा गया। इसके अलावा महिलाओं एवं नाबालिग बच्चों को जबरदस्ती रंग लगाने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
शिकायत के लिए जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर
बैठक में बताया गया कि यदि कोई वाहन चालक लापरवाही से वाहन चलाता दिखे तो उसका फोटो या वीडियो बनाकर त्रिनयन शिकायत नंबर 94792 26641 पर अपलोड किया जा सकता है। वहीं किसी भी आपात स्थिति या गड़बड़ी की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 94791 90629 या समाधान सेल नंबर 94792 20392 पर तत्काल देने की अपील की गई। नगर के पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों के संवेदनशील स्थानों की जानकारी देते हुए वहां नियमित पुलिस पेट्रोलिंग की मांग रखी, जिस पर पुलिस प्रशासन ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
