Home » Blog » दुर्ग में सड़क सुरक्षा बैठक, यातायात सुधार के निर्देश

दुर्ग में सड़क सुरक्षा बैठक, यातायात सुधार के निर्देश

कलेक्टर अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में बैठक, ग्रे-स्पॉट सुधार, अतिक्रमण हटाने और सुरक्षा संसाधन बढ़ाने के निर्देश

by cgprimenews.com
0 comments
दुर्ग कलेक्टोरेट में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति बैठक में अधिकारी चर्चा करते हुए।

दुर्ग। जिले में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने और लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर अभिजीत सिंह ने की, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक में सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अधिकारियों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में त्वरित सुधारात्मक कार्य करने के निर्देश दिए गए।

दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में होंगे सुरक्षा उपाय

कलेक्टर ने निर्देश दिया कि जिले के चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थानों पर रिफ्लेक्टर, स्पीड ब्रेकर और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जाए। साथ ही उतई बायपास रोड के निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए बीएसपी अधिकारियों को आवश्यक भूमि संबंधी एनओसी लोक निर्माण विभाग को उपलब्ध कराने कहा गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जिले में चिन्हित ग्रे-स्पॉट क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए एएसपी यातायात को संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अतिक्रमण हटाने और सर्विस लेन निर्माण पर जोर

बैठक में व्यस्त चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस अभियान में पुलिस बल की पूर्ण उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। बीएसपी अधिकारियों को चिन्हित स्थानों पर सर्विस लेन निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

विभागवार समीक्षा और महत्वपूर्ण निर्णय

बैठक में पूर्व बैठक के पालन प्रतिवेदन की विभागवार समीक्षा की गई। अधिकारियों ने पूर्ण कार्यों, प्रगति और विभागीय कार्रवाई की जानकारी प्रस्तुत की। यातायात सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए कई सुझावों पर चर्चा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में एएसपी यातायात ऋचा मिश्रा, नगर निगम भिलाई आयुक्त राजीव पाण्डेय, नगर निगम रिसाली आयुक्त मोनिका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर हरवंश सिंह मिरी, एसडीएम भिलाई-03 महेश राजपूत, एसडीएम धमधा सोनल डेविड, आरटीओ एस.एल. लकड़ा सहित एनएचएआई, पुलिस विभाग और बीएसपी के अधिकारी उपस्थित रहे।

You may also like