Home » Blog » टोल प्लाजा से बैटरी चोरी का खुलासा, 4 घंटे में 3 आरोपी गिरफ्तार

टोल प्लाजा से बैटरी चोरी का खुलासा, 4 घंटे में 3 आरोपी गिरफ्तार

भारत माला फोरलेन परियोजना के टीएलसी रूम से चोरी हुई 6 बैटरियां बरामद, बलौदा पुलिस की त्वरित कार्रवाई

by cgprimenews.com
0 comments
बलौदा पुलिस द्वारा टोल प्लाजा बैटरी चोरी मामले में गिरफ्तार आरोपी और बरामद सामग्री

जांजगीर-चांपा. बलौदा थाना क्षेत्र में भारत माला निर्माणाधीन फोर लेन रोड स्थित आरएचएसएस टोल प्लाजा से बैटरी चोरी की घटना का पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 6 नग बैटरियां एवं ₹27,000 कीमत की सामग्री बरामद की है।

टीएलसी रूम का ताला तोड़कर की गई चोरी

प्रार्थी आशीफ कुरैशी, निवासी बलौदा द्वारा 25 फरवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि भारत माला परियोजना के किलोमीटर 29+100 स्थित आरएचएसएस टोल प्लाजा के टीएलसी रूम का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने 12 वोल्ट की एमरॉन क्वेंटा कंपनी की 6 बैटरियां चोरी कर लीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बलौदा में अपराध दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की गई।

सीसीटीवी और मुखबिर सूचना से मिली सफलता

थाना बलौदा पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा मुखबिर सूचना के आधार पर संदेहियों की पहचान की। पुलिस टीम ने समीर पटेल (22 वर्ष), उमेश सिंह कंवर उर्फ लच्छू (40 वर्ष) एवं सुनील कंवर (30 वर्ष), सभी निवासी ग्राम चारपारा, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती एवं वैज्ञानिक तरीके से पूछताछ करने पर आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।

आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर चोरी की गई बैटरियां बरामद कर ली गईं।

न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध धारा 331(4) एवं 305(ए) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया तथा न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, प्रधान आरक्षक मुकेश यादव, गजाधर पाटनवर, आरक्षक रज्जू रात्रे, संतोष रात्रे, रज्जू टंडन, संदीप सोनंत, टिकेश्वर राठौर, प्रहलाद निर्मलकर सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

You may also like