दुर्ग | होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस द्वारा “नशे पर जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना वैशाली नगर पुलिस एवं ACCU टीम की संयुक्त कार्रवाई में मादक पदार्थ तस्करी के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 25 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना वैशाली नगर क्षेत्र अंतर्गत शिव मंदिर के पास, जवाहर नगर शादी भवन के समीप कुछ व्यक्ति मादक पदार्थ बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर कार्रवाई की।
घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 8.640 ग्राम सिंथेटिक हेरोईन (चिट्टा) बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,72,800 आंकी गई है। साथ ही 04 मोबाइल फोन, एक पल्सर मोटरसाइकिल एवं नगद बिक्री रकम भी जब्त की गई।पूछताछ के दौरान आरोपियों से नशे की सप्लाई चेन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिसके आधार पर एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों के विरुद्ध धारा 21(B) एवं 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
नशा तस्करी नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है और मादक पदार्थ की आपूर्ति करने वाले पेडलर एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों की तलाश की जा रही है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
होली पर पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व के दौरान नशे से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध नशा कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
