Wednesday, February 25, 2026
Home » Blog » सूने मकान में चोरी करने वाले 2 आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

सूने मकान में चोरी करने वाले 2 आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार

बलौदा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, महिला सहित दो आरोपियों को पकड़कर नगदी बरामद — न्यायिक रिमांड पर भेजा गया

by cgprimenews.com
0 comments
बलौदा पुलिस द्वारा चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी और बरामद नगदी।

जांजगीर-चांपा। थाना बलौदा क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले आरोपियों को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बलौदा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) एवं 305(ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

परिवारिक कार्यक्रम में गए थे मकान मालिक

प्रकरण के अनुसार प्रार्थी संजय मिरी, निवासी बलौदा, 16 फरवरी 2026 को पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने घर से बाहर गए थे। 23 फरवरी को वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के कमरे का ताला टूटा हुआ है। अज्ञात चोरों द्वारा घर से सोने का हार, 20,000 रुपये नगद एवं आधार कार्ड चोरी कर लिया गया था। शिकायत के आधार पर थाना बलौदा में अपराध क्रमांक 85/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

सीसीटीवी और मुखबिर सूचना से मिला सुराग

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। साथ ही मुखबिर सूचना के आधार पर संदेहियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी दिव्यांशु सूर्यवंशी उर्फ भईया (19 वर्ष) एवं सुशीला बाई सूर्यवंशी (36 वर्ष), निवासी ग्राम जावलपुर, थाना बलौदा ने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर चोरी की नगदी 20,000 रुपये बरामद किए गए।

आरोपी न्यायिक रिमांड पर

पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

उक्त कार्रवाई में निरीक्षक मनोहर सिन्हा, उपनिरीक्षक प्रतिभा राठौर, प्रधान आरक्षक नवीन सिंह सहित थाना स्टाफ एवं महिला आरक्षक चन्द्रप्रभा शांतेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

You may also like