Home » Blog » होली पर सड़क सुरक्षा को लेकर दुर्ग पुलिस अलर्ट

होली पर सड़क सुरक्षा को लेकर दुर्ग पुलिस अलर्ट

ड्रिंक एंड ड्राइव, स्टंटबाजी व नियम उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश, संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी

by cgprimenews.com
0 comments
होली पर्व से पहले सड़क सुरक्षा को लेकर समीक्षा बैठक करते दुर्ग पुलिस अधिकारी

दुर्ग | आगामी होली पर्व को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से दुर्ग पुलिस ने यातायात एवं कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में 24 फरवरी 2026 को पुलिस नियंत्रण कक्ष, सेक्टर-06 भिलाई में पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा यातायात अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में होलिका दहन की रात्रि एवं होली के दिन शहर में यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष कार्ययोजना तैयार की गई।

संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शहर के प्रमुख मार्गों, राष्ट्रीय राजमार्गों, भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थलों तथा चिन्हित संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी रखी जाए। इसके लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर सघन पेट्रोलिंग एवं वाहन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।

नियम तोड़ने वालों पर ‘जीरो टॉलरेंस’

बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि नशे की हालत में वाहन चलाने, तेज गति, स्टंटबाजी, तीन सवारी, खुले वाहन में खतरनाक यात्रा, संशोधित साइलेंसर एवं ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।ड्रिंक एंड ड्राइव मामलों में ब्रीथ एनालाइजर से जांच कर दोषी पाए जाने पर वाहन जब्त कर प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई भी की जाएगी।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मान

बैठक के दौरान जिले के प्रमुख चौक-चौराहों पर सघन वाहन चेकिंग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले यातायात पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों को ड्यूटी प्वाइंट पर समयबद्ध उपस्थिति एवं त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

दुर्ग पुलिस की नागरिकों से अपील

दुर्ग police ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व को भाईचारे और सुरक्षित माहौल में मनाएं। नशे की अवस्था में वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें और स्वयं के साथ अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।

You may also like