जांजगीर-चांपा | थाना अकलतरा पुलिस ने अंतर्राज्यीय लूट गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने अमलीपाली से चोरी हुई इक्को कार भी बरामद की है, जिसका उपयोग बिलासपुर स्थित ज्वेलरी शोरूम में करोड़ों रुपये की लूट की वारदात में किया गया था।
इक्को कार चोरी का मामला
प्रार्थी दुष्यंत, निवासी ग्राम अमलीपाली, थाना अकलतरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 16-17 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात आरोपियों ने उनकी इक्को कार क्रमांक CG 13 N 0999 चोरी कर ली। रिपोर्ट पर थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 95/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
ज्वेलरी शोरूम लूट से जुड़ा मामला
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि चोरी की गई कार का उपयोग बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में दर्ज ज्वेलरी शोरूम लूट प्रकरण में किया गया था। आरोपियों ने महालक्ष्मी ज्वेलर्स में सोना, चांदी और नगदी की बड़ी लूट को अंजाम दिया था।
पहले बाइक, फिर कार चोरी कर बनाई योजना
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले अंबिकापुर से मोटरसाइकिल चोरी की और बाद में अमलीपाली से इक्को कार चोरी की। दोनों वाहनों का उपयोग कर लूट की पूरी योजना को अंजाम दिया गया। वारदात के बाद आरोपी वाहन घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए थे, जिन्हें बिलासपुर पुलिस ने जब्त किया।
अंतर्राज्यीय स्तर पर गिरफ्तारी
बिलासपुर पुलिस की सूचना पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने घेराबंदी कर मिर्जापुर में मुठभेड़ के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया। बाद में आरोपियों को छत्तीसगढ़ लाकर विधिवत गिरफ्तारी की गई। तकनीकी जांच में वाहन के इंजन और चेसिस नंबर का मिलान कर पुष्टि की गई कि वही वाहन लूट में इस्तेमाल हुआ था।
गिरफ्तार आरोपी
-
विजय लाम्बा (दिल्ली)
-
विनोद उर्फ बिनू प्रजापति (मध्यप्रदेश)
-
करीम खान (उत्तर प्रदेश)
-
इरफान अली (बिलासपुर)
-
मोनू उर्फ राहुल उर्फ रोहित गुड़वा (उत्तर प्रदेश)
सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, एएसआई राजेंद्र सिंह क्षत्रिय एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
