रायपुर. थाना खरोरा पुलिस ने अवैध शराब बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 82 पौवा देशी मसाला शराब, नगदी राशि तथा बिक्री से संबंधित सामग्री जब्त की है। आरोपी के विरुद्ध अप.क्र. 114/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में अपराध पंजीबद्ध कर न्यायालय में पेश किया गया।
मुखबिर सूचना पर की गई त्वरित कार्रवाई
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 24 फरवरी 2025 को थाना खरोरा पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कनकी स्थित देवांगन चिकन सेंटर (मुर्गा दुकान) में अवैध रूप से शराब बिक्री की जा रही है। सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
82 पौवा देशी शराब और नगदी जब्त
रेड के दौरान पुलिस ने आरोपी तोरन देवांगन (42 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 20 शांतिनगर केसला, थाना खरोरा को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर एक सफेद प्लास्टिक बोरी में रखी 82 पौवा शोले कंपनी की देशी मसाला शराब बरामद हुई। प्रत्येक पौवा में 180 मिलीलीटर शराब भरी हुई थी। कुल जब्त शराब की मात्रा 14 लीटर 760 मिलीलीटर आंकी गई, जिसकी कीमत लगभग 8,200 रुपये बताई गई। इसके साथ ही शराब बिक्री से प्राप्त 700 रुपये नगद भी जब्त किए गए।
वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका आरोपी
पुलिस द्वारा आरोपी को शराब रखने एवं बिक्री संबंधी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु नोटिस दिया गया, लेकिन आरोपी कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत विधिवत गिरफ्तारी कर परिजनों को सूचना दी और आरोपी को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस वीरेन्द्र चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी खरोरा के नेतृत्व में संपन्न हुई।
