CG Prime News@दुर्ग. Lal Bahadur Shastri Civil Hospital, Supela लाल बहादुर शास्त्री सिविल अस्पताल सुपेला में अब गर्भवती महिलाओं को सोनोग्राफी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। यहां पर कलेक्टर के निर्देश के बाद सोनोग्राफी की सुविधा प्रारंभ हो गई है। सीएमएचओ डॉ. मनोज दानी के मार्गदर्शन में लाल बहादुर शास्त्री सिविल अस्पताल सुपेला में सोनोग्राफी सुविधा उपलब्ध कराई गई है। बतां दें कि अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन उपलब्ध होने के बावजूद विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं होने के कारण उपयोग में नहीं लाई जा रही थी।
कलेक्टर ने किया था निर्देशित
दुर्ग कलेक्टर सिंह ने इसे संज्ञान में लेते हुए सीएमएचओ और सिविल सर्जन को सुपेला अस्पताल में सोनोग्राफी सुविधा उपलब्ध कराने निर्देशित किया। सिविल सर्जन डॉ. आशीषन कुमार मिंज ने इस हेतु आवश्यक पहल करते हुए स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. विनीता रतनानी को जिला अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन संचालन के का 10 दिवसीय प्रशिक्षण दिया गया। जिसके बाद सिविल अस्पताल सुपेला में सोनाग्राफी संचालन का दायित्व उन्हें सौंपा गया है।
डॉ. रतनानी ने शुरू किया सोनोग्राफी
डॉ. रतनानी ने चिकित्सालय में सोनोग्राफी की सुविधा प्रारंभ कर दी गई है। इनके द्वारा प्रतिदिन 10 से 15 गर्भवती महिलाओं का सोनोग्राफी किया जा रहा है। चिकित्सालय में सोनोग्राफी सुविधा के साथ अन्य सभी आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही है। जिला प्रशासन की इस पहल से गर्भवती महिलाओं और अन्य रोगियों को बड़ी राहत मिली है।
