Home » Blog » फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी से जमीन सौदा, आरोपी गिरफ्तार

फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी से जमीन सौदा, आरोपी गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस की सख्त कार्रवाई, धोखाधड़ी मामले में कूटरचित दस्तावेज जब्त

by cgprimenews.com
0 comments
अंबिकापुर कोतवाली पुलिस द्वारा जमीन धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार आरोपी

अंबिकापुर | भूमि बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी के विरुद्ध कोतवाली पुलिस ने सख्त वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी दस्तावेज के रूप में उपयोग किया गया मुख्तारनामा आम (जनरल पावर ऑफ अटॉर्नी) भी जब्त किया है। पुलिस द्वारा आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।

भूमि बिक्री के नाम पर ठगी का मामला

प्रार्थी प्रितपाल सिंह, निवासी चर्च रोड केदारपुर अंबिकापुर ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि ग्राम मोरभंज, तहसील लटोरी जिला सूरजपुर स्थित भूमि को आरोपी राजेश कुमार पाण्डेय द्वारा अधिकार पत्र के आधार पर अपना बताकर बेचने का सौदा किया गया। वर्ष 2022 में कुल 35 लाख रुपये में सौदा तय हुआ, जिसमें प्रार्थी ने 2 लाख रुपये अग्रिम राशि चेक के माध्यम से आरोपी को दिए थे।

बाद में जांच करने पर पता चला कि भूमि के वास्तविक मालिकों ने आरोपी के पक्ष में कोई वैध अधिकार पत्र जारी ही नहीं किया था। आरोपी द्वारा झूठे दस्तावेज दिखाकर रकम प्राप्त करने की पुष्टि होने पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।

जांच में सामने आया फर्जीवाड़ा

विवेचना के दौरान पुलिस ने प्रार्थी एवं गवाहों के बयान दर्ज किए तथा प्रस्तुत दस्तावेजों का परीक्षण किया। जांच में पाया गया कि आरोपी ने पहले ही कूटरचित दस्तावेज दिखाकर जमीन विक्रय अनुबंध किया, जबकि वास्तविक मुख्तारनामा बाद में वर्ष 2023 में सीमित अवधि के लिए लिया गया था।

प्रथम दृष्टया अपराध प्रमाणित होने पर आरोपी के विरुद्ध धारा 420 के साथ धारा 467, 468 एवं 471 भारतीय दंड संहिता की धाराएं जोड़ी गईं।

दस्तावेज जब्त, आरोपी ने कबूला जुर्म

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर धारा 91 के तहत नोटिस जारी कर दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा। आरोपी द्वारा प्रस्तुत जनरल पावर ऑफ अटॉर्नी को जब्त किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस टीम की रही सक्रिय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, उप निरीक्षक के.के. यादव, साइबर सेल प्रभारी एएसआई अजीत मिश्रा सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

You may also like