कांकेर | उत्तर बस्तर में अवैध सट्टा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पूर्व में दर्ज सट्टा प्रकरण में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने उसके कब्जे से सट्टा संचालन से संबंधित सामग्री, नगदी रकम और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों के विरुद्ध जुआ प्रतिषेध अधिनियम एवं बीएनएस की धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।
उजियारा अभियान के तहत कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में जिले में अपराध नियंत्रण हेतु “उजियारा अभियान” चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत थाना सिटी कोतवाली कांकेर में दर्ज अपराध क्रमांक 61/26 के फरार आरोपी मनीष असरानी को जिला जेल रायपुर से प्रोडक्शन वारंट के माध्यम से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
सट्टा संचालन में खाईवाल की भूमिका
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सट्टा खिलवाने और अवैध जुआ संचालन में सक्रिय रूप से शामिल था। मामले में दूसरे आरोपी अविनाश हिरदानी की संलिप्तता भी पाई गई। जांच के दौरान बैंक खातों के तकनीकी विश्लेषण में लगभग 99,895 रुपये के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ, जो सट्टा गतिविधियों से जुड़ा पाया गया।
बरामद सामग्री
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से निम्न सामग्री जब्त की —
-
सट्टा पट्टी एवं पेन
-
नगदी राशि ₹1,500
-
कुल 04 मोबाइल फोन
इन मोबाइल फोन का उपयोग सट्टा रकम के लेनदेन और संपर्क के लिए किया जा रहा था।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में निरीक्षक जितेन्द्र कुमार साहू, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र मानिकपुरी सहित थाना स्टाफ की विशेष भूमिका रही। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस की अपील
कांकेर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दें। सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
