भिलाईनगर | शहर की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने जोन-2 वैशाली नगर क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रस्तावित वृद्धाश्रम स्थल, सड़क निर्माण कार्य तथा कॉलोनियों में नागरिक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वृद्धाश्रम स्थल का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान आयुक्त वैशाली नगर थाना के पीछे स्थित ‘हमर क्लीनिक’ के समीप प्रस्तावित वृद्धाश्रम स्थल पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से स्थल की उपयोगिता, पहुंच मार्ग एवं आधारभूत सुविधाओं की जानकारी ली। आयुक्त ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना निगम की प्राथमिक प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वृद्धाश्रम स्थल के आसपास सड़क का तत्काल सीमांकन किया जाए तथा क्षेत्र में आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए।
बाउंड्रीवाल और सड़क निर्माण पर जोर
आयुक्त ने वैशाली नगर थाना परिसर की बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही कुरूद सुंदर विहार कॉलोनी क्षेत्र का निरीक्षण कर नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सड़क निर्माण प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर स्वीकृति हेतु प्रस्तुत किया जाए ताकि नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके।
अधिकारियों को दिए जनहित में निर्देश
निरीक्षण के दौरान जोन आयुक्त येशा लहरे, कार्यपालन अभियंता अरविंद शर्मा, सहायक अभियंता अर्पित बंजारे, उप अभियंता श्वेता वर्मा, सहायक राजस्व अधिकारी प्रशन्न तिवारी, जोन स्वास्थ्य अधिकारी शंकर सहानी सहित निगम के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। आयुक्त ने सभी विभागों को समन्वय बनाकर विकास कार्यों को समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। नगर निगम प्रशासन का यह निरीक्षण शहर में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
