बलरामपुर. जिले के शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक द्वारा अपने ही पिता की हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पत्नी पर शक बना हत्या की वजह
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कोठली (लेफुआटोली) निवासी प्रार्थी सकुल राम चेरवा ने 22 फरवरी 2026 को थाना शंकरगढ़ पहुंचकर घटना की सूचना दी। रिपोर्ट के अनुसार 21 फरवरी 2026 की रात करीब 8 बजे आरोपी बीरकुंवर चेरवा प्रार्थी के घर पहुंचा और अपनी पत्नी के बारे में पूछताछ करने लगा।
प्रार्थी द्वारा पत्नी के वहां नहीं होने की बात कहने पर आरोपी ने बताया कि उसने अपने पिता को मार दिया है। सूचना मिलते ही परिजन आरोपी के घर पहुंचे, जहां उसके पिता हवल चेरवा घर के ढाबा में खून से लथपथ गंभीर हालत में पड़े मिले।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घायल हवल चेरवा को तत्काल शंकरगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के सिर, दाहिने कान और घुटने के पास गंभीर चोट के निशान पाए गए।
लकड़ी के गेड़ा से किया हमला
जांच में सामने आया कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। घटना के दिन उसने पत्नी से मारपीट की, जिसके बाद पत्नी बच्चे को लेकर घर से चली गई थी। शाम करीब 7:45 बजे आरोपी घर लौटा और पत्नी के नहीं मिलने पर अपने पिता पर पत्नी को छिपाने का आरोप लगाते हुए लकड़ी के गेड़ा (डंडे) से हमला कर दिया, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण पिता की मौत हो गई।
आरोपी ने कबूला जुर्म
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना शंकरगढ़ में अपराध क्रमांक 29/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी बीरकुंवर चेरवा (30 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध करना स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा रहा है।
