Home » Blog » होली से पहले पुलिस की कार्रवाई, 06 जेल भेजे, फरार आरोपी गिरफ्तार

होली से पहले पुलिस की कार्रवाई, 06 जेल भेजे, फरार आरोपी गिरफ्तार

विशेष अभियान में 07 वारंटी गिरफ्तार, 13 चाकूबाजों सहित 16 आपराधिक तत्वों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

by cgprimenews.com
0 comments
होली से पहले रायपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई

रायपुर. आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रायपुर ग्रामीण पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाते हुए असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों के विरुद्ध व्यापक कार्रवाई की गई। अभियान के तहत 06 असामाजिक तत्वों को जेल भेजा गया, 05 माह से फरार 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा 07 वारंटियों को न्यायालय में पेश कर जेल दाखिल कराया गया।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप मित्तल के नेतृत्व में थाना तिल्दा-नेवरा, धरसींवा एवं विधानसभा पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से संचालित किया गया।

शांति भंग करने वाले 06 असामाजिक तत्व जेल निरुद्ध

थाना तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के मोहभट्ठा पारा नेवरा, पुरानी बस्ती तिल्दा, सासाहोली एवं ग्राम टंडवा में विवाद और मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। समझाइश के बावजूद आरोपियों द्वारा उग्र व्यवहार किए जाने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 06 आरोपियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

05 माह से फरार 02 आरोपी गिरफ्तार

गणेश विसर्जन वर्ष 2025 के दौरान घर में घुसकर मारपीट एवं धमकी देने के मामले में फरार चल रहे आरोपी विवेक वर्मा एवं योगेश सेन को पुलिस ने मुखबिर सूचना के आधार पर घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे थे। वैधानिक कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया।

07 वारंटी गिरफ्तार, जेल दाखिल

न्यायालय द्वारा जारी स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामिली के लिए चलाए गए अभियान में पुलिस ने 07 वारंटियों को उनके निवास स्थान से गिरफ्तार किया। सभी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल दाखिल किया गया।

13 चाकूबाजों सहित 16 आपराधिक तत्वों पर कार्रवाई

थाना धरसींवा क्षेत्र के 13 सक्रिय चाकूबाजों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। वहीं थाना विधानसभा क्षेत्र में 03 अन्य आपराधिक एवं संदिग्ध तत्वों पर भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेजा गया।

होली पर्व को लेकर पुलिस सतर्क

पुलिस अधिकारियों के अनुसार विशेष अभियान का उद्देश्य होली पर्व के दौरान आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना, असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण स्थापित करना तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। पुलिस द्वारा आगे भी लगातार चेकिंग एवं कार्रवाई जारी रहेगी।

You may also like