रायपुर | राजधानी रायपुर में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत थाना खमतराई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र से डेढ़ दर्जन से अधिक जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से लाखों रुपये की नगदी सहित मोबाइल फोन जब्त किए हैं। कार्रवाई के बाद आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम तथा सहायक पुलिस आयुक्त उरला पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में क्षेत्र में लगातार असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चेकिंग अभियान संचालित किया जा रहा है।
मुखबिर सूचना पर दी गई दबिश
23 फरवरी 2026 को थाना खमतराई पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ट्रांसपोर्ट नगर पार्किंग नंबर-6 स्थित दीदी के ढाबा के पास 18-19 लोग 52 पत्ती ताश से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी और कुल 19 आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया।
5 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 52 पत्ती ताश, नगदी राशि ₹2,52,520 तथा 20 नग मोबाइल फोन (कीमत लगभग ₹2,50,000) जब्त किए। इस प्रकार कुल ₹5,02,520 की संपत्ति मौके से बरामद की गई। जब्ती की कार्रवाई उपस्थित गवाहों के समक्ष पूरी की गई।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
उक्त कृत्य अपराध पाए जाने पर थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 129/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3 के अंतर्गत मामला दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
लगातार जारी रहेगा अभियान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने, असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण तथा अपराध रोकथाम के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
