रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज विधानसभा स्थित उनके कार्यालय कक्ष में राज्य प्रशासनिक सेवा एवं एलाइड सर्विस से भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में नियुक्त अधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सभी नव-नियुक्त अधिकारियों को नई जिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
आईएएस केवल पद नहीं, जनसेवा का माध्यम
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा में नियुक्ति केवल गौरव का विषय नहीं है, बल्कि यह जनसेवा के व्यापक अवसरों और बड़ी जिम्मेदारियों का प्रतीक भी है। अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए।
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि शासन की लोककल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की सक्रिय भूमिका से प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी और सुशासन को मजबूती मिलेगी।
ये अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर भारतीय प्रशासनिक सेवा में नियुक्त तीर्थराज अग्रवाल, लीना कोसम, बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, सुमित अग्रवाल, संदीप कुमार अग्रवाल, आशीष कुमार टिकरिया, ऋषभ पाराशर एवं तरुण किरण उपस्थित थे।
