CG Prime News@दुर्ग. Rain in many districts of Chhattisgarh, increased cold फरवरी के आखिरी सप्ताह में मौसम का मिजाज बदल गया है। जिसका असर पूरे छत्तीसगढ़ में देखने मिल रहा है। सोमवार को दुर्ग जिले के कई हिस्सों में हल्की बारिश हुई है। दुर्ग-भिलाई में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। सुबह 10 बजे से थोड़ी-थोड़ी देर में बारिश की हल्की बौछारें पड़ रही है। बारिश के साथ ही ठंडी हवाओं से ठिठुरन बढ़ गई है। एक दिन पहले जहां गर्मी का एहसास हो रहा था वहीं बारिश से फिर ठंड लौट आई है।
आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने पहले ही बारिश का अलर्ट जारी कर दिया था। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के कारण छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में अलग-अलग जगहों पर बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की है। अगले दो दिनों तक यही स्थिति बने रहने की संभावना है। कहीं-कहीं बारिश के साथ आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है। रायपुर में बादल छाए हुए हैं।
अंबिकापुर रहा सबसे ठंडा
बात पिछले 24 घंटों की करें तो प्रदेश में मौसम ड्राई रहा। इस दौरान सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का मजबूत क्षेत्र
बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम हिस्से में कम दबाव का मजबूत क्षेत्र बना हुआ है। इसका मतलब यह है कि वहां हवा तेजी से उस क्षेत्र की ओर खींच रही है और ऊपर तक (लगभग 6 किमी ऊंचाई तक) बादल बनने की स्थिति मजबूत है। यह सिस्टम पहले पश्चिम-उत्तर दिशा में थोड़ा बढ़ेगा और फिर उत्तर-पूर्व की ओर मुड़ सकता है। अगले 48 घंटों तक यह सक्रिय बना रहेगा।
विक्षोभ जैसी ट्रफ
इसके अलावा करीब 5-6 किमी ऊंचाई पर हवा की एक और लंबी हलचल बनी हुई है, जो 93° पूर्वी देशांतर के आसपास और 24° उत्तरी अक्षांश के उत्तर में स्थित है। यह सिस्टम ऊपरी वायुमंडल में है और बादलों को ऊंचाई पर फैलने में मदद करता है। यानी ऊपर से ठंडी हवा का असर है, नीचे से नमी आ रही है दोनों मिलकर मौसम को अस्थिर बनाते हैं।
