दुर्ग। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2025 में जहां हजारों अभ्यर्थी शामिल हुए, वहीं नेत्रहीन अभ्यर्थी नेहा यमराज ने अपने मजबूत इरादों और आत्मविश्वास से सभी के लिए प्रेरणा प्रस्तुत की। दुर्ग-भिलाई के 25 परीक्षा केंद्रों में आयोजित परीक्षा के दौरान नेहा परीक्षा केंद्र क्रमांक 0505 सेजेस जेआरडी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुर्ग में परीक्षा देने पहुंची।
विशेष व्यवस्था के साथ दिलाया परीक्षा अवसर
अधिकारी बनने का सपना संजोए नेहा के लिए जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्र में पृथक कक्ष की व्यवस्था की गई। साथ ही लेखन कार्य में सहयोग हेतु एक सहायक उपलब्ध कराया गया। 11वीं कक्षा की छात्रा काजल बंजारे ने परीक्षा के दौरान लेखक (स्क्राइब) के रूप में नेहा की सहायता की।
कलेक्टर ने दी शुभकामनाएं
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर अभिजीत सिंह ने नेहा से मुलाकात कर उन्हें परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने केंद्राध्यक्ष को परीक्षा कक्ष में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल एवं इमरजेंसी लाइट सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
प्रेरणा बनी नेहा की दृढ़ इच्छाशक्ति
नेहा ने साबित किया कि शारीरिक चुनौतियां सफलता की राह में बाधा नहीं बनतीं, यदि लक्ष्य स्पष्ट और हौसले मजबूत हों। उनकी परीक्षा में सहभागिता अन्य अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन गई।
