भिलाई। आगामी होली त्यौहार को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने हेतु थाना छावनी पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है। इसी दौरान हत्या के प्रयास के एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अपचारी बालक को अभिरक्षा में लिया है।
पैसे नहीं देने पर किया हमला
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 22 फरवरी 2026 को प्रार्थी रितिक चौधरी (18 वर्ष), निवासी संतोषी पारा यादव मोहल्ला, कैम्प-02 भिलाई ने थाना छावनी में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि जनता स्कूल के पीछे मार्ग में एक अपचारी बालक ने उसे रोककर नशा सेवन के लिए पैसे की मांग की।
पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार से उसके सीने पर वार कर दिया। घटना के दौरान क्षेत्र में गश्त कर रही पुलिस टीम ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए कार्रवाई की।
अपराध दर्ज, बाल न्यायालय में पेश
रिपोर्ट के आधार पर थाना छावनी में अपराध क्रमांक 108/2026 धारा 119(1) एवं 109 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। त्वरित कार्रवाई के दौरान अपचारी बालक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने घटना स्वीकार की।
पुलिस द्वारा विधि अनुसार कार्रवाई करते हुए बालक को बाल न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
हथियार जब्त, पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
घटना में प्रयुक्त एक धारदार हथियार को जप्त किया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी छावनी निरीक्षक मनीष शर्मा, सहायक उप निरीक्षक विनय रजक, प्रधान आरक्षक उमेश गंगराले एवं थाना स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। नशीले पदार्थों से दूर रहें तथा किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
