Sunday, February 22, 2026
Home » Blog » होली पूर्व शांति भंग करने वाले तीन लोगों पर कार्रवाई

होली पूर्व शांति भंग करने वाले तीन लोगों पर कार्रवाई

सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन व विवाद करने पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, धारा 170 BNSS के तहत न्यायालय में पेश

by cgprimenews.com
0 comments
ग्राम खपरी में शांति भंग करने पर कार्रवाई करती कुम्हारी पुलिस

दुर्ग। आगामी होली त्यौहार को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना कुम्हारी पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग एवं निगरानी की जा रही है। इसी दौरान शांति भंग करने की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर विवाद

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 21 फरवरी 2026 की रात्रि लगभग 11 बजे ग्राम खपरी, थाना कुम्हारी क्षेत्र में मुकेश जोशी (41 वर्ष) एवं शुभम साहू (23 वर्ष) द्वारा सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन कर आपसी विवाद करते हुए शांति भंग की जा रही थी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया गया।

पारिवारिक विवाद से फैली अशांति

इसी दौरान राकेश जांघेल (29 वर्ष), निवासी शांति नगर भिलाई-3, द्वारा ग्राम खपरी स्थित अपने रिश्तेदार के घर पहुंचकर पुराने पारिवारिक विवाद को लेकर हंगामा कर अशांति फैलाने की घटना सामने आई। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया।

प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर न्यायालय भेजा

तीनों व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 170 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। प्रकरण में किसी प्रकार की जप्ती सामग्री नहीं मिली है।

पेट्रोलिंग टीम की रही अहम भूमिका

उक्त कार्रवाई में थाना कुम्हारी की पेट्रोलिंग टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने त्वरित एवं प्रभावी भूमिका निभाई। समय रहते हस्तक्षेप किए जाने से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रित रही।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन, हुड़दंग या शांति भंग करने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

You may also like