दुर्ग। सुपेला थाना क्षेत्र में अकारण विवाद कर मोहल्ले में मारपीट करने वाले मां-बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना पाँच रास्ता गली नंबर-04, पटेल होटल के पीछे की है, जहां आरोपियों ने बिना किसी कारण गाली-गलौज करते हुए हमला कर इलाके में हड़कंप मचा दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 फरवरी 2026 को प्रार्थी गौरव पाल (40 वर्ष) अपने घर के पास ऑटो में बैठा था। उसी दौरान पड़ोस में रहने वाला राजा सोनकर उर्फ राजा बटीक वहां पहुंचा और अचानक गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगा।
बीच-बचाव करने पहुंचे पड़ोसी भी बने शिकार
शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे पड़ोसी तपेश सोनी और उनकी पत्नी दिशा के साथ भी आरोपी एवं उसकी मां ने मारपीट की। आरोप है कि आरोपी ने तपेश सोनी के हाथ में दांत से काटकर चोट पहुंचाई। इसके बाद आरोपियों ने घर में घुसकर उनकी पुत्री नेहा उर्फ गीतिका के साथ भी मारपीट की।
घटना की सूचना पर सुपेला थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 289/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 296, 115(2), 351(3), 333 एवं 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घेराबंदी कर दोनों आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी कर आरोपी राजा सोनकर और उसकी मां को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार घटना का कारण आपसी कहासुनी एवं अकारण विवाद बताया गया है। मामले में किसी प्रकार की अलग से जप्त सामग्री नहीं मिली।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लें और शांतिपूर्ण समाधान के लिए पुलिस की सहायता लें। मोहल्लों में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
