Sunday, February 22, 2026
Home » Blog » शराब के पैसे नहीं देने पर युवक पर हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

शराब के पैसे नहीं देने पर युवक पर हमला, दो आरोपी गिरफ्तार

भिलाई के सेक्टर-07 में धारदार हथियार से वार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई में आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

by cgprimenews.com
0 comments
भिलाई सेक्टर-07 में हमले के बाद जांच करती पुलिस

भिलाई। शहर के सेक्टर-07 क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर युवक से मारपीट कर धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना नेहरू नगर रेलवे फाटक के पास हुई, जहां दो परिचित युवकों ने रास्ता रोककर पैसे की मांग की। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जानलेवा हमला कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवक 20 फरवरी 2026 को नेहरू नगर से काम खत्म कर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने उसे रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसे मांगे। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपियों की गिरफ्तारी

पीड़ित की शिकायत पर थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 91/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीतू सिंह एवं शुभम, दोनों निवासी सेक्टर-07 भिलाई नगर के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी जब्त किया गया है।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

You may also like