Sunday, February 22, 2026
Home » Blog » डायल-112 सेवा को प्रभावी बनाने अधिकारियों की बैठक आयोजित

डायल-112 सेवा को प्रभावी बनाने अधिकारियों की बैठक आयोजित

आपातकालीन सेवा में त्वरित रिस्पांस और नागरिकों को बेहतर सहायता देने पर अधिकारियों को दिए गए विशेष निर्देश

by cgprimenews.com
0 comments
अंबिकापुर में डायल-112 सेवा को लेकर पुलिस अधिकारियों की बैठक

अंबिकापुर। आपातकालीन सेवा डायल-112 को और अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से रक्षित केंद्र अंबिकापुर स्थित सभाकक्ष में ईआरयू/ईआरव्ही में तैनात अधिकारियों, कर्मचारियों एवं वाहन चालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में आयोजित की गई, जिसमें सेवा की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि डायल-112 के माध्यम से आम नागरिकों को आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। रिस्पांस टाइम कम करने, घटनास्थल पर तुरंत पहुंचने तथा निर्धारित स्टॉपेज पॉइंट पर सतत मौजूद रहने के निर्देश दिए गए।

महिलाओं एवं बच्चों से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा द्वारा बैठक में विशेष रूप से महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को कहा गया कि गंभीर घटनाओं की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी कंट्रोल रूम एवं संबंधित थाना प्रभारी को दें तथा पीड़ितों को तत्काल सहायता प्रदान करें।

ड्यूटी के दौरान अनुशासन बनाए रखने, स्वच्छ गणवेश में रहने, नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा वाहन के उचित रख-रखाव पर भी जोर दिया गया।

समस्याओं के समाधान और सेवा सुधार पर चर्चा

बैठक में डायल-112 सेवा में तैनात जवानों से सीधे संवाद कर ड्यूटी के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने संबंधित जिम्मेदारों को समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही आपातकालीन सेवा में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

इस दौरान डीसीसी प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश्वरी चौबे, वाहन शाखा प्रभारी एएसआई सत्यनारायण यादव सहित पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं वाहन चालक उपस्थित रहे।

You may also like