Sunday, February 22, 2026
Home » Blog » कांकेर में शिकायत पेटी पहल शुरू

कांकेर में शिकायत पेटी पहल शुरू

महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और आम लोगों की सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से पुलिस की पहल, साप्ताहिक जांच कर होगी त्वरित कार्रवाई

by cgprimenews.com
0 comments
कांकेर पुलिस शिकायत पेटी व्यवस्था

कांकेर | कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आम नागरिकों को बिना किसी डर के अपनी शिकायत दर्ज कराने का अवसर देने के लिए कांकेर पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर शिकायत पेटी (Complaint Box) स्थापित की गई है। इस पहल के तहत जिले के कुल 15 प्रमुख स्थानों पर शिकायत पेटियां लगाई गई हैं, जहां नागरिक अपनी शिकायत, सूचना या सुझाव गोपनीय रूप से दर्ज कर सकते हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार कई बार लोग सामाजिक दबाव, भय या पहचान उजागर होने की आशंका के कारण थाने तक नहीं पहुंच पाते। ऐसे मामलों को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था शुरू की गई है, जिससे महिलाएं, छात्र-छात्राएं, वरिष्ठ नागरिक और आम नागरिक बिना झिझक अपनी बात पुलिस तक पहुंचा सकें।

गोपनीयता के साथ मिलेगी शिकायत दर्ज करने की सुविधा

शिकायत पेटियों में डाली गई सभी शिकायतों की पुलिस द्वारा नियमित रूप से साप्ताहिक जांच की जाएगी। प्राप्त शिकायतों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

अपराध नियंत्रण और जनविश्वास बढ़ाने की दिशा में कदम

पुलिस विभाग का मानना है कि इस पहल से छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, नशा, अवैध गतिविधियों और स्थानीय स्तर पर होने वाले अपराधों की जानकारी समय पर मिल सकेगी। इससे अपराध नियंत्रण के साथ-साथ पुलिस और जनता के बीच विश्वास भी मजबूत होगा।

अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस सुविधा का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें और किसी भी प्रकार की गलत या भ्रामक सूचना देने से बचें।

You may also like