Sunday, February 22, 2026
Home » Blog » 14.6 किलो गांजा के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

14.6 किलो गांजा के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

रायपुर में संयुक्त पुलिस कार्रवाई, अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश

by cgprimenews.com
0 comments
रायपुर में गांजा तस्करी मामले में गिरफ्तार आरोपी और जब्त मादक पदार्थ

रायपुर। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 14.613 किलोग्राम गांजा के साथ तीन अंतर्राज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

सूचना पर घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी

पुलिस को 21 फरवरी 2026 को सूचना मिली थी कि अमलीडीह स्थित मेडिसाइन अस्पताल के पास कुछ व्यक्ति गांजा बेचने की तैयारी में हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके बैग से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

7.51 लाख रुपये का मशरूका जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 14.613 किलोग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन और 1,000 रुपये नगद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 7,51,650 रुपये आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ थाना न्यू राजेन्द्र नगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20बी के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

अंतर्राज्यीय नेटवर्क की जांच जारी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तुषार नितिन पवार (पुणे, महाराष्ट्र), किरन सीताराम काये (पुणे, महाराष्ट्र) एवं दीपक तोमर (मुरैना, मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस अब फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है तथा अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

2026 में अब तक बड़ी कार्रवाई

पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट द्वारा अब तक 15 मामलों में 33 आरोपियों को गिरफ्तार कर 156.381 किलोग्राम गांजा सहित लाखों रुपये का मशरूका जब्त किया जा चुका है।

You may also like