रायपुर. नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) एवं थाना खमतराई पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए फरार वारंटी सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 556 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट तथा एक दोपहिया वाहन जप्त किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त नार्थ जोन मयंक गुर्जर एवं पुलिस उपायुक्त क्राइम एंड साइबर स्मृतिक राजनाला के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अविनाश कुमार पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड था, जो पड़ोसी राज्यों से नशीली टेबलेट मंगाकर रायपुर में सप्लाई कर रहा था।
मुखबिर सूचना पर घेराबंदी कर पकड़े आरोपी
दिनांक 20 फरवरी 2026 को पुलिस टीम को सूचना मिली कि रिंग रोड नंबर-02 स्थित हाईटेक पार्किंग के पीछे कुछ व्यक्ति दोपहिया वाहन में प्रतिबंधित टेबलेट लेकर बिक्री की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन संदिग्धों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम राहुल कुमार शाह, अविनाश कुमार और रोशन यादव बताया। तलाशी लेने पर उनके पास निट्राजेपम एवं स्पासमो जैसी प्रतिबंधित नशीली टेबलेट बरामद हुई।
2.62 लाख रुपये का मशरूका जप्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 556 नग प्रतिबंधित टेबलेट (कीमत लगभग 2,22,400 रुपये) तथा परिवहन में प्रयुक्त सुजुकी एक्सेस दोपहिया वाहन (कीमत लगभग 40,000 रुपये) जप्त किया। जप्त मशरूका की कुल कीमत करीब 2,62,400 रुपये आंकी गई है।
आरोपियों के विरुद्ध थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 120/26 के तहत धारा 22(ख) नारकोटिक एक्ट में मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई है।
नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अब आरोपियों से फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर पूछताछ कर रही है। अधिकारियों के अनुसार इस अवैध सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर End-to-End कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशीले पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
