CG Prime News@रायगढ़. Raigarh: 4-year-old girl dies after getting entangled in a sari swing छत्तीसगढ़ में एक दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है। एक चार साल की बच्ची की अपने ही घर के झूले में फंसकर मौत हो गई। बच्ची हर रोज साड़ी के झूले में खेलती थी लेकिन यही झूला उसके लिए काल बन गया। घटना रायगढ़ जिला के कोतरा रोड थाना क्षेत्र की है। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामले की जांच जारी
कोतरा रोड थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज ने बताया कि गुरुवार की शाम उन्हें घटना की सूचना मिली थी। शुरुआती पूछताछ में पता चला कि साड़ी का झूला ऊपर टांगकर रखा गया था और उसके बगल में बाइक खड़ी थी। रिद्धिमा उस झूले पर चढ़कर इसे निकालने की कोशिश कर रही थी, तभी उसका गला फंस गया। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
ऐसे हुआ पूरा हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जामपाली निवासी रामलाल सारथी की पत्नी और उनकी 4 साल की बेटी रिद्धिमा सारथी गुरुवार की शाम घर पर थे। रिद्धिमा के लिए घर में साड़ी का झूला बंधा हुआ था, जिसमें वह खेलती और झूलती थी। गुरुवार को रिद्धिमा घर में अकेली थी। उसकी मां बाहर दुकान से कुछ सामान लेने गई थी।
इसी दौरान रिद्धिमा झूला निकालने की कोशिश करने लगी और उसका गला झूले में फंस गया। वह खुद बाहर नहीं निकल सकी और उसकी मौत हो गई।
चिकित्सकों ने कर दिया मृत घोषित
कुछ देर बाद जब रिद्धिमा की मां घर लौटी, तो उसने उसे झूले में फंसा देखा। तुरंत परिजनों को सूचना दी और किसी तरह उसे अस्पताल ले गई, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी तुरंत कोतरा रोड पुलिस को दी गई।
