Home » Blog » पुरानी भिलाई में नशीले पदार्थों के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार

पुरानी भिलाई में नशीले पदार्थों के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार

ड्रीम सिटी क्षेत्र में पुलिस रेड, 12.43 लाख रुपये की नशीली सामग्री, कार व बाइक सहित बड़ी जब्ती

by cgprimenews.com
0 comments
पुरानी भिलाई में पुलिस द्वारा गांजा और प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के साथ गिरफ्तार आरोपी एवं जब्त सामग्री

दुर्ग. पुरानी भिलाई क्षेत्र में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा एवं प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के साथ 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 12.43 लाख रुपये मूल्य की मादक सामग्री, नगदी और वाहन जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

मुखबिर सूचना पर हुई रेड कार्रवाई

पुलिस को 19 फरवरी 2026 को सूचना मिली थी कि ड्रीम सिटी, पुरानी भिलाई स्थित एक मकान में कुछ लोग अवैध रूप से गांजा और प्रतिबंधित नशीली कैप्सूल का संग्रहण एवं बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना पुरानी भिलाई पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 09.292 किलोग्राम गांजा, 1050 नग प्रतिबंधित कैप्सूल, 2.44 लाख रुपये नकद, 06 मोबाइल फोन, 01 हुंडई कार एवं 01 मोटर सायकल बरामद की गई।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख), 22(सी), 27(क) एवं 8 के तहत अपराध दर्ज किया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से नशीले पदार्थों का कारोबार कर रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों में उड़ीसा एवं भिलाई क्षेत्र के निवासी शामिल हैं। पुलिस अन्य संभावित नेटवर्क और सप्लाई चैन की भी जांच कर रही है।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

You may also like