भिलाईनगर | महिला उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम भिलाई के एमआईसी कक्ष में मार्केट डेवलपमेंट असिस्टेंस (MDA) कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में जिले की 36 महिला उद्यमियों ने भाग लेकर व्यवसाय विस्तार से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
बाजार से जोड़ने पर रहा विशेष फोकस
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य महिला उद्यमियों, स्वयं सहायता समूह (SHG) सदस्यों तथा महिला संचालित सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों (MSMEs) को बाजार विकास सहायता योजनाओं से जोड़ना रहा। विशेषज्ञों ने बताया कि उचित मार्केट लिंकज, ब्रांडिंग और डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग से स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर तक पहचान दिलाई जा सकती है।
महिला उद्यमिता को आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम बताते हुए प्रशिक्षकों ने कहा कि इससे न केवल महिलाओं की आय बढ़ती है बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलती है।
ब्रांडिंग, पैकेजिंग और ई-कॉमर्स पर प्रशिक्षण
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी और मेलों में भागीदारी की प्रक्रिया, उत्पाद ब्रांडिंग, पैकेजिंग एवं लेबलिंग सुधार, गुणवत्ता प्रमाणन और मानकीकरण की जानकारी दी गई। साथ ही B2B एवं B2C मार्केट लिंकज, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और डिजिटल मार्केटिंग के माध्यम से बिक्री बढ़ाने के तरीके भी समझाए गए।
सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाले अनुदान एवं सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया पर भी विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया। प्रतिभागियों ने कार्यशाला को अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।
विशेषज्ञों की रही सहभागिता
कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर रोहित शर्मा, वासुदेव वर्मा, जिला कोऑर्डिनेटर शशांक सोनी तथा मिशन मैनेजर एकता शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में चॉइस कंसल्टेंसी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
