दुर्ग। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में आम राहगीरों को धारदार हथियार दिखाकर भय का वातावरण निर्मित करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से स्टील का बटनदार धारदार हथियार जप्त किया गया है।
मुखबिर सूचना पर त्वरित घेराबंदी
थाना पद्मनाभपुर पुलिस को 18 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि पोटिया रोड स्थित देशी शराब दुकान के पास एक व्यक्ति धारदार हथियार लहराकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम राहुल जांगड़े, निवासी दुर्ग बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक स्टील का बटनदार चाकू बरामद हुआ।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 119/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट में प्रकरण पंजीबद्ध कर विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध हथियार रखने और भय उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
