
CG Prime News@कोंडागांव. Villagers attacked the government maize plant in Kondagaon कोंडागांव जिले में सरकारी मक्का प्लांट पर ग्रामीणों और किसानों ने गुरुवार रात को धावा बोल दिया। कोकोड़ी गांव स्थित मां दंतेश्वरी मक्का प्लांट पर लगभग 700 से 800 ग्रामीणों ने एक साथ हमला कर दिया। ग्रामीण लाठी-डंडे और पत्थर लेकर ऑफिस में घुसे और परिसर में जमकर तोडफ़ोड़ की।
ग्रामीणों ने आज भी किया हमला
ग्रामीणों के मुताबिक प्लांट से निकलने वाला वेस्ट खेतों तक पहुंच रहा है, जिससे फसलें खराब हो रही है। कई बार शिकायत के बाद भी एक्शन नहीं लेने पर लोगों का गुस्सा भड़का है। कांकेर से भी अतिरिक्त फोर्स बुलाई गई है। प्लांट के बाहर भारी पुलिस बल तैनात है। गांव में अभी स्थिति तनावपूर्ण है। ग्रामीण अब दूर से फोर्स पर गुलेल से हमला कर रहे हैं।

सरकारी मक्का प्लांट में ग्रामीणों ने किया हमला, लाठी-डंडे, गुलेल से तोडफ़ोड़, फोर्स को हटना पड़ा पीछे

10 से 20 लाख रुपए का तक नुकसान का अनुमान
मिली जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने मक्का प्लांट के ऑफिस और परिसर में जमकर तोडफ़ोड़ की है। कैंपस में खड़ी कार, ट्रैक्टर सहित कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया है। इस हमले में 10 से 20 लाख रुपए तक के नुकसान का अनुमान है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद है। गुरुवार रात हमले के बाद आज सुबह ग्रामीणों ने फिर प्लांट में घुसने की कोशिश की तो उन्हें खदेड़ा गया है।
रातभर प्लांट को घेरकर रखा
रातभर गांव के लोगों ने प्लांट को चारों ओर से घेर रखा था। ग्रामीणों ने बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। इस दौरान एक वाहन चालक को अपनी जान बचाने के लिए रातभर जंगल में छिपकर रहना पड़ा। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि कुछ समय के लिए पुलिस बल को भी पीछे हटना पड़ा।
जांच शुरू शांति बनाए रखने की अपील
प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रदूषण से जुड़े आरोपों की भी जांच की जाएगी। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल, कोकोड़ी गांव में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
